चंद्रमोहन चौहान। ऊना
जिला ऊना में गर्मी का प्रकोप एकाएक बढऩे लगा है। बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इसमें अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया। अधिकतम व न्यूनतम तापमान इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान के एक साथ बढऩे से मौसम बेतहाशा गर्म हो चुका है। हालत यह है कि दिन प्रतिदिन बढ़ती गर्मी के बीच दिनभर तेज गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग खासे परेशान हो रहे हैं।
जहां गर्मी से बचने के लिए लोग धड़ाधड़ एसी, कूलर और पंखों की खरीदारी में जुटे हुए हैं। एक तरफ जहां मौसम की बेरुखी के बीच भीषण गर्मी के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। वहीं इस गर्मी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है।
जिला वासियों का कहना है कि गर्मी का सीजन इस बार काफी लेट शुरू हुआ है, लेकिन एकाएक तापमान बेतहाशा बढऩे के चलते काफी समस्याएं बढ़ रही हैं। दिन के समय तेज गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को घरों में दुबककर रहने को मजबूर कर रहे हैं। दूसरी तरफ लोगों ने बिजली बोर्ड द्वारा लगाए जा रहे घोषित कटों पर भी खासी नाराजगी जताई है।
मौसम विभाग के पर्यवेक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जिसमें अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा है। आने वाले तीन से 4 दिनों तक गर्मी का प्रकोप ऐसे ही बढऩे की संभावना है। 12 जून से मौसम के करवट बदलने की उम्मीद है जिसके चलते बारिश होने से लोगों को राहत मिल सकती है।