सोहित/राजीव भनोट। ऊना
जून माह के अंतिम दिनों में बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलों को बढ़ा दी है। हालत यह है कि जिला का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री तक पहुंच जाने के कारण लोगों की परेशानियां बेतहाशा बढ़ गई।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान के एक साथ बढऩे से मौसम बेतहाशा गर्म हो चुका है। हालत यह है कि दिन प्रतिदिन बढ़ती गर्मी के बीच दिनभर तेज गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग खासे परेशान हो रहे हैं। भीषण गर्मी में एसी, कूलर व पंखे भी जवाब दे गए हैं। वहीं अघोषित बिजली के कट लोगों की समस्याओं को दोगुना कर रहे हैं।
तेज धूप के चलते दिन के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना दुश्वार हो गया है। एक तरफ जहां मौसम की बेरुखी के बीच भीषण गर्मी के कारण लोग परेशान हो रहे हैं।
वहीं इस गर्मी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के पर्यवेक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा है, जबकि पिछले रोज अधिकतम 42 व न्यूनतम 25.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आने वाले एक-दो दिनों में बारिश होने की संभावना है।