धर्म चंद वर्मा। मंडी
जिला प्रशासन मंडी ने शहर के दो ऐतिहासिक स्थलों की राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से खिली रोशनी से विशेष सजावट की है। अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव का जश्न मनाते हुए मंडी के ऐतिहासिक विक्टोरिया ब्रिज और घंटाघर की खास सजावट की गई है। दोनों स्थलों को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से खिली रोशनी से सजाया गया है। यह सजावट 11 से 18 अगस्त तक रहेगी। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को ऐतिहासिक धरोहर और संस्कृति से जोडऩा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा किए गए इस प्रयास को जनता द्वारा सराहा जा रहा है और आगे भी जिला प्रशासन खास मौकों पर इस तरह का प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से मंडी में आई लव मंडी के नाम से सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है। इस सेल्फी प्वाइंट पर स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी सेल्फी ले रहे हैं जिसको लेकर आम जनता व मंडी में आने वाले पर्यटक प्रशासन की सराहना कर रहे हैं।