कांगड़ा। धर्मशाला से सटे शाहपुर के सुधेड़ पंचायत के तरैला गांव में सोमवार की रात एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। 45 वर्षीय विनीत की बेरहमी से उसके ही घर में हत्या कर दी गई। पहले सिर पर गोली दागी गई, फिर तेजधार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। गोलियों की आवाज़ और लहूलुहान दीवारें गांव वालों को झकझोर गईं। कमरे में बिखरे खून के छींटे और मांस के टुकड़े खौफनाक मंजर बयां कर रहे थे।
एसपी अशोक रत्न, एएसपी वीर बहादुर और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। गांव में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे में हत्यारे को पकड़ लिया—और वो कोई और नहीं, बल्कि मृतक का बेटा निकला। आरोपी को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार कर धर्मशाला लाया जा रहा है।
फोर्टिस अस्पताल में करता था काम, दो शादियां की थीं
विनीत कांगड़ा के फोर्टिस अस्पताल में नौकरी करता था। उसने दो शादियां की थीं—दूसरी शादी पंजाब के गुरदासपुर में हुई थी। फिलहाल हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।