अमित सूद,जोगिंद्रनगर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव राकेश चौहान ने जारी ब्यान में कहा कि हिमाचल प्रदेश में जय राम कि भाजपा सरकार का कार्य काल लगभग दो साल का पूरा होने जा रहा है। परंतु इन दो वर्षों में जय राम सरकार मात्र दो विधान सभा क्षेत्रों तक सीमित रही है।
जिसमें एक मुख्यमंत्री का अपना विधान सभा क्षेत्र सराज व दूसरा सिंचाई एवम् जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का विधान सभा क्षेत्र धर्मपुर शामिल है। चौहान ने कहा कि अपने विधान सभा के दौरों के दौरान अपने ही विभाग से मंत्री मोहदय ने लगभग 300 करोड़ रुपयों की कई नई योजनाओं कि धर्मपुर में घोषणा और शिलान्यास किये हैं। ठीक उसी तरह मुख्यमंत्री मंत्री जय राम ठाकुर ने लगभग 200 करोड़ लोक निर्माण विभाग की योजनाओं की स्वीकृती के साथ साथ कई करोड़ों अन्य कार्य अपने विधान सभा के लिए दे डाले । जिसके चलते आज प्रदेश में बाकी के 68 में से 66 विधान सभा क्षेत्र विकास कार्यों में अनदेखी का शिकार हो चुके हैं।
उन्होनें कहा कि बाकि जहां भी घोषणाएं की गई वे मात्र घोषणा ही साबित हुई है,धरातल में कुछ नहीं। ये ही करण की आज जय राम सरकार की कार्यप्रणाली पर उनके ही मंत्री और विधायको ने मोर्चा खोल दिया है और कुछ तैयारी में हैं। उन्होनें कहा कि किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल पूरे प्रदेश के समान विकास के लिए वचनबद्ध होता है। लेकिन आश्चर्य की बात तो यह है कि मुख्यमंत्री व मंत्री महोदय का मात्र अपने अपने विधान सभा क्षेत्र तक सीमित रहना,प्रदेश की जनता और प्रदेश के विकास के साथ धोखा है।
उन्होनें कहा कि जयराम सरकार हर चौथे महीने हजारों करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश को कर्ज में डुबों रही है। कर्जा पूरे हिमाचलियों पर चढ़ रहा है और विकास के नाम पर मात्र दो विधान सभा क्षेत्रों का ही विकास हो रहा है। उन्होनें कहा कि मुख्यमंत्री व वरिष्ठ मंत्री इस बारे बाकी 66 विधान सभा क्षेत्र की जनता को जवाब दें कि उनके साथ विकास के नाम पर ऐसा अन्याय क्यूं किया जा रहा है।