वरिष्ठ संवाददाता : शिमला
हिमाचल प्रदेश में जून माह के पहले ही रोज सूरज की किरणें फिर से झुलसाने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के तहत राज्य में पांच जून तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि मई माह के आखिरी दिनों में बारिश होने से मौसम सुहावना बन गया था। मगर अब फिर से पारा चढऩे लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र्र की माने तो आगामी दिनों के दौरान भी तापमान में और बढ़ोतरी आएगी। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बुधवार को मौसम शुष्क बना रहा। तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक का इजाफा रिकॉर्ड किया गया है।
तापमान में बढ़ोतरी आने से प्रदेश के मैदानी इलाकों में जनता को फिर से प्रचंड गर्मी की मार झेलनी पड़़ रही है। ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, सुंदरनगर में दिन के समय झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऊना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है। बिलासपुर का तापमान 39 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। हमीरपुर 38 डिग्री से अधिक, कांगड़ा में तापमान 36 डिग्री से पार हो गया है। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड रही है।
यहां बारिश से कुछ राहत
प्रदेश के कांगड़ा, रेणुका, गोहर, पांवटा साहिब, घुमारवीं और नाहन में बीते 24 घटों के दौरान बारिश हुई है। बारिश होने से उक्त क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। तापमान लुढ़कने से उक्त क्षेत्रों में जनता को गर्मी से हल्की निजात ली है। मगर आगामी दिनों के दौरान तापमान में ओर बढ़ोतरी आने की संभावना जताई जा रही है।
अभी और सताएगी गर्मी
मौसम विज्ञान केंद्र्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में पांच जून तक मौसम साफ बना रहेगा। उक्त अवधि के दौरान तापमान और बढ़ेगा। खासतौर पर प्रदेश के मैदानी इलाकों में जनता को प्रचंड गर्मी की मार झेलनी पड़ सकती है।