–संतोष कौशल, अंब।
अंब। स्थानीय बाजार में दुकान के रंग रोगन के काम में जुटे 42 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान याकूब पुत्र मुहम्मद इब्राहीम निवासी कुठेड़ा खैरला के रूप में हुई है। वहीँ मामले की सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। जानकारी के अनुसार याकूब ने अपने भाई एक अन्य मजदूर के साथ वीरवार को ही अंब बाजार में एक दूकान में रंग रोगन का काम शुरू किया था।
दोपहर करीब एक बजे याकूब अपने भाई के साथ दूकान लगे टफन ग्लास को खोलने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान ग्लास में दरार आने के कारण बीच से टूट गया और टफन ग्लास एक टुकड़ा सीधा उसके गले के पास छाती में घुस जाने की वजह से गले की कोई नस कट गई। जिसके बाद इसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया। यहां जांच करने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, थाना प्रभारी अम्ब आशीष पठानिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के संबंध में पुलिस ने मौके का निरिक्षण करने के बाद केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।