शिमला:
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच अब जेपी नड्डा का हिमाचल दौरा आ गया है। ज्यादा उम्मीद अब यही है कि मंत्रिमंडल के लिए रास्ता भी अब विधानसभा से होकर ही निकलेगा। यानी पहले 26 फरवरी को विधानसभा के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार पर सारी स्थितियां साफ होंगी।
इसकी वजह यह है कि विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए कुछ मंत्रियों के नाम भी चल रहे हैं। यदि मंत्रियों में से कोई अध्यक्ष बना तो 3 पद कैबिनेट में खाली हो जाएंगे। पार्टी और सरकार के स्तर पर मंत्रियों में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. राजीव सहजल के नाम अध्यक्ष के रूप में लिए जा रहे हैं। विधायकों में सरकाघाट से कर्नल इंद्र सिंह, हमीरपुर से नरेंद्र ठाकुर, विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज का नाम भी चर्चा में है।
पहले अध्यक्ष पद पर फैसला होने के बाद ही मंत्रिमंडल को लेकर स्थिति साफ होगी। इसीबीच अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हिमाचल दौरा भी सिर पर है। जाहिर है इस दौरे के बाद ही कैबिनेट के विस्तार पर चर्चा होगी। वर्तमान में जयराम मंत्रिमंडल में 2 सीटें खाली चल रही हैं। ये किशन कपूर के सांसद बनने के बाद और विधायक अनिल शर्मा के बतौर मंत्री इस्तीफा देने के बाद खाली हुई हैं। इन्हें भरने की अटकलें लंबे समय से चल रही हैं।
27 की रात शिमला में रुकेंगे जेपी नड्डा
जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं। वह 27 फरवरी को पहले सोलन आएंगे, जहां उनके स्वागत में ठोडो मैदान में बड़ी रैली होगी। इसी दिन रात को वह शिमला में पीटरहाफ में रुकेंगे। अगले दिन 28 फरवरी को बिलासपुर जाएंगे और 29 को बेटे की शादी की धाम देंगे। इसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।