उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत आने वाली पटड़ीघाट-गोभड़ता सडक़ की हालत इन दिनों अत्यंत दयनीय बनी हुई है। सडक़ पर जगह -जगह बड़े गड्ढे हो चुके हैं। डंगे टूट गए हैं और टायरिंग उखड़ चुकी है। जिससे वाहन चालकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ग्राम पंचायत पटड़ीघाट के प्रधान विधी चंद,उपप्रधान वीरी सिंह,वार्ड पंच गोभड़ता हेम राज, वार्ड पंच धनेड़ नील मणी, पूर्व वार्ड पंच दीना नाथ, चमन लाल, निशु, हेमंत शर्मा, तोता राम, और श्याम लाल सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2023 की भारी बरसात में यह सडक़ कई स्थानों पर धंस गई थी और उसके बाद से आज तक इसकी मरम्मत नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सफ र करना अब जोखिम भरा हो गया है। छोटे वाहन चालक रोज़ाना परेशान हो रहें हैं ।
अगर बारिश हो जाए तो हालात और भी खराब हो जाते हैं । ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सडक़ की शीघ्र मरम्मत करवाने और डंगों के पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु रूप से बहाल हो सके।
उधर लोक निर्माण विभाग बल्द्वाडा के सहायक अभियंता भूपेन्द्र पाल ने कहा की शुक्रवार तक जेसीबी मशीन भेज कर सडक़ को ठीक कर दिया जाएगा और डंगों को लगाने का टेंडर हो चुका है। जल्द की डंगे लगाने का कार्य भी शुरू हो जाएगा।