मंडी। मंडी जिला के लडभड़ोल मेन बाजार में करीब ढाई वर्ष पहले निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा सड़क किनारे ऑप्टिकल फाइबर तारें बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी बारिश होने से मिट्टी सड़क पर फैल गई, जिस वजह से सड़क पर अब गड्ढे ही गड्ढे पड़ गए हैं। इससे राहगीरों, वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, व्यापारियों को भी खासी परेशानी हो रही है।
इससे स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों में खासा गुस्सा है। व्यापारियों में मदन लाल, कमलभूषण, विकास, कमल कुमार, सुभाष, लविंदर, देवेंद्र, मोहित आदि का कहना है कि लडभड़ोल के मुख्य बाजार में निजी टेलीकॉम कंपनियों द्वारा ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का कार्य किया गया था। इसके लिए सड़क की खुदाई की गई लेकिन अब यहां गड्ढे ही गड्ढे देखने को मिल रहे हैं जिससे बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
वहीं दोपहिया वाहन भी स्किड हो रहे हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने का अंदेशा भी बना हुआ है। सभी लोगों ने लोक निर्माण विभाग से अपील है कि इन गड्डों को अति शीघ्र भरा जाए तथा इस समस्या से राहत दिलाई जाए। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पवन गुलरिया का कहना है कि जेसीबी मशीन दूसरी सड़कों को खोलने में व्यस्त है तथा दो-तीन दिन में सड़कों पर पड़े इन गड्डों को भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा ।
इधर जोगिंद्रनगर विधायक प्रकाश राणा का कहना है कि बरसात खत्म हुए दो महीने हो गए हैं, लेकिन अभी तक लोक निर्माण विभाग सड़कों में पैच लगाने का काम शुरू नहीं कर पाया है। समूचे जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत खस्ता है। जिससे प्रतिदिन सड़कों में दुर्घटनाएं हो रही हैं उन्होंने कहा कि सड़कों की इन दुर्दशा को लेकर विभाग से कई बार बात कर चुके हैं लेकिन किसी के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है।
लडभड़ोल मुख्य बाजार की सड़कों की खस्ताहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। जगह-जगह पड़े गड्ढों से न केवल वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है, बल्कि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। प्रशासन की अनदेखी से लोगों में रोष है और अब जनता सड़कों की मरम्मत की मांग तेज़ी से उठा रही है। अगर जल्द सुधार कार्य नहीं हुआ, तो कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।