अजय शर्मा, बंगाणा।
हम दो हमारे दो के नारे को रिपीट कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत अपनी राजनीति को चमकाने का प्रयास कर रहे हैं। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा ने भागवत के ब्यान पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस नारे को लेकर रावत अपनी राजनीति को चमका रहे हैं, उसे पैंतालीस वर्ष पूर्व देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पुत्र स्वर्गीय संजय गांधी ने देश में बढ़ रही आबादी को मद्देनजऱ रख कर लोगों को जागरूक करने के लिए दिया था।
इतना ही नहीं प्रत्येक बच्चे के जन्म पर दो पेड़ लगाकर साथ ही पर्यावरण को बचाने का संकल्प जनता को दिलवाया था। इस नारे पर उसी दौरान आर एस एस की सोच वालों ने देश की जनता को जातिवाद के नाम पर खूब भडक़ाया था। रामनाथ शर्मा ने कहा कि अब जब भागवत देश की जनता को कांग्रेस की सोच के नारे देने लग पड़े हैं, तो वे अब जल्द ही ये बात भी मान लेंगे कि आजादी के 70 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार ने देश में जो भी विकास किया, उन कार्यों में अब मोदी सरकार में गिरावट होती नजऱ आ रही है।
आज देश का युवा सडक़ों पर प्रदर्शन कर रहा है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। युवाओं को जेलों में धकेला जा रहा है। उनके बेहतर भविष्य की चिंता न करते हुए उन पर जबरन केस बनाए जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बखान करने वाली मोदी सरकार के राज में महिलाएं और बेटियां असुरक्षित हैं। महिलाएं अब अपनी सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। महंगाई पर सरकार लगाम नहीं लगा पा रही है। भागवत अब देश की जनता को हम दो हमारे दो का नारा देकर कहीं न कहीं जातिवाद और धर्म को बढ़ावा देगा।