वरिष्ठ संवाददाता, शिमला
प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 29 जून को होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सख्ती लागू की है। अब प्रशासनिक सेवा संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा-2025 के तहत एचएएस सहित अन्य पदों के लिए होने वाली परीक्षा के लिए युवाओं को आधा घंटा पहले पहुंचना होगा। उसके बाद पहुंचने वाले युवा इस प्रतियोगी परीक्षा को देने के लिए पात्र नहीं होंगे।
आयोग ने परीक्षा केंद्रो में पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम करने की व्यवस्था कर दी है। इसके साथ ही युवाओं की पूरी चैकिंग के बाद ही उन्हें केंद्र में भेजने को कहा गया है। आपको बता दे तो 29 जून को 2 सत्रों में एचएएस की यह प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके तहत पहला पेपर सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।
जानकारी के अनुसार लोक सेवा आयोग की ओर से पात्र उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही आयोग ने उम्मीदवारों के लिए सूचना जारी की है कि एचएएस व विभिन्न पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में युवाओं के किसी भी तरह के तर्क नहीं सुने जाएंगे। अभ्यार्थिंयों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पहले ही तैयार रहना होगा। साफ तौर पर आयोग ने कहा है कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा हॉल/रूम के गेट बंद कर दिए जाएंगे।
लोक सेवा आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा हॉल/रूम का गेट बंद होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिलेगी। उन्होंने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे सुबह के सत्र में आयोजित होने वाले पेपर-1 में बैठने के लिए सुबह 8.30 बजे परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं, जबकि दोपहर के सत्र में आयोजित होने वाले पेपर-2 में बैठने के लिए दोपहर 1 बजे परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित अन्य जानकारी के लिए उम्मीदवार आयोग के कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।





