कांगड़ा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और विभाग के बाहर जमकर नारेबाज़ी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत किया।
जानकारी के अनुसार गग्गल थाना क्षेत्र के बंडी (धर्मशाला) निवासी 23 वर्षीय तनु पत्नी अशोक कुमार की गत रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की बहन सपना ने बताया कि उन्हें देर रात 11:53 बजे फोन पर बहन की मौत की सूचना मिली। जब मृतका के पिता राजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अपनी बेटी का शव बैड पर पाया और ससुराल वालों ने बताया कि उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
पिता का आरोप ससुराल वाले करते थे बेटी को प्रताड़ित
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उन्हें घटना की सीधी जानकारी नहीं दी गई और न ही किसी पंचायत प्रतिनिधि ने उन्हें सूचित किया। उन्होंने कहा कि हमारी बेटी को शादी के बाद से ही लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आक्रोशित परिजनों ने मृतका के पति अशोक कुमार, सास राजकुमारी और ससुर तिलक राज की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी निशा कुमारी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिवार को आश्वासन दिया कि आरोपियों को गग्गल थाने में पूछताछ के लिए तलब कर लिया गया है और कानून के तहत निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए।
वहीं इस संबंध में एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पति, सास और ससुर को गग्गल थाने में जांच के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह एक जांच का विषय है और पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच करेगी। जो दोषी होगा उसको जरुर सज़ा मिलेगी। वहीं उन्होंने बताया की मृतका अपने पीछे एक डेढ़ साल का बच्चा छोड़ गई है।