शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने एक बार फिर खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। हालांकि आज सुबह यानि शनिवार को कुल्लू, मनाली, नाहन और किन्नौर जैसे कई इलाकों में धूप खिली रही और फिलहाल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान नाहन, धर्मशाला, भरमौर, नेरी, कांगड़ा, कुकुमसेरी और नगरोटा में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। तापमान में भी फिलहाल कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 4 अक्टूबर की देर रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 4 से 8 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
5 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 5 और 6 अक्टूबर को अधिकांश जगहों पर मौसम के फिर से बिगड़ने के आसार हैं। विभाग ने 7 अक्टूबर तक के लिए अलर्ट जारी किया है। फिलहाल धूप भले ही राहत दे रही हो, लेकिन अगले कुछ दिनों में छाता और रेनकोट फिर से जरूरी साबित हो सकते हैं।