शिमला:
प्रदेश के मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक मौसम के साफ रहने की संभावना है। जबकि ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश हो सकती है। बुधवार को केलांग का तापमान सबसे कम यानी शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि बरठीं का तापमान सर्वाधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को पूरे प्रदेश में गरज के साथ छींटे पडऩे और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई हैं। इस बार मौसम के तेवर लोगों पर भारी पड़ रहे हैं।
होली के आसपास जहां मौसम में गर्मी का एहसास होता था, लेकिन इस बार सर्दी जाने का नाम ही नहीं ले रही। हालात यह हैं कि कब बारिश हो जाए, इसका पता नहीं चलता। बाजार में अभी भी गर्म वस्त्र और छातों की मांग बनी हुई है। लोगों के गर्म कपड़े भी अभी उतर नहीं पाए हैं। मौसम का प्रभाव अब तो फसलों पर भी पडऩे लगा है। अधिक बारिश होने से मैदानी इलाकों में गेहूं की फसल को नुकसान होने लगा है, जिससे किसान भी चिंता में डूब गए हैं।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवान भी परेशान है। बागवान इस समय धूप खिली होने की आस लगाए बैठे हुए हैं, लेकिन अब अगले दो दिनों तक लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा, जबकि मध्यम व अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।