शिमला:प्रदेश में आज मौसम के खराब रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के मध्यम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का अनुमान है। हालांकि इस दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, कल पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने के आसार हैं, जबकि 6 और 7 जनवरी को प्रदेश के मध्यम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर से बर्फबारी के आसार हैं।
ऐसे में प्रदेश के तापमान में एक बार फिर से गिरावट आ सकती है। वहीं, प्रदेश में पहले से ठंड की मार झेल रहे लोगों की परेशानियों इजाफा होने के आसार हैं। प्रदेश में ठंड का प्रकोप अभी भी जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में निचले क्षेत्रों में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोलन और सुंदरनगर राजधानी शिमला से भी ठंडे हैं। राजधानी शिमला में जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया है। तो वहीं सोलन में न्यूनतम तापमान 0.5 और सुंदरनगर में 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों से ज्यादा निचले क्षेत्रों में ठंड लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है। वहीं, प्रदेश में सोमवार प्रदेश का सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के केलंग में ही दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान-15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, प्रदेश का अधिकतम तापमान बिलासपुर जिला के बरठीं में दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं कल्पा में न्यूनतम तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा मनाली में -3.8, कुफरी में -1.8, धर्मशाला में 2.8 और चंबा में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अमृतसर शिमला से भी ज्यादा ठंडा
पंजाब का अमृतसर राजधानी शिमला से भी ठंडा है। राजधानी शिमला में सोमवार को न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, तो वहीं अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, लुधियाना में भी न्यूनतम तापमान शिमला के न्यूनतम तापमान से थोड़ा ज्यादा है। यहां का न्यूतनम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।