अजय शर्मा। बंगाणा
उपमंडल बंगाणा की लठियाणी पंचायत की 59 वर्षीय महिला की गहरे नाले में गिरने से मौत हो गई है। वह मछलियों को आटा डालने के लिए नाले के किनारे गई थी। महिला की पहचान सुकन्या शर्मा पत्नी अश्विनी कुमार निवासी लठियाणी के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक लठियानी निवासी सुकन्या शर्मा वीरवार शाम मछलियों को आटा डालने के लिए घर के पास ही एक नाले के किनारे गई थी। मछलियों को आटा डालते वक्त सुकन्या का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरी। महिला के चीखने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने उसे फौरन नाले से बाहर निकाला और उपचार के लिए हमीरपुर जिले के बड़सर स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। एएसपी ऊना विनोद कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।