कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में सरकार द्वारा कम छात्रों वाले स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। कुल्लू के विभिन्न इलाकों में सात स्कूलों को भी बंद करने के बारे में शिक्षा विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई है। बंद होने वाले स्कूलों को आसपास के ही विद्यालयों में शिफ्ट किया जाएगा ताकि उन्हें अच्छी शिक्षा प्राप्त हो सके।
जिला कुल्लू से 47 स्कूलों की भेजी गई थी लिस्ट
जिला कुल्लू से शिक्षा विभाग ने 47 स्कूलों की सूची शिक्षा निदेशालय को भेजी थी। जहां पर छात्रों की संख्या काफी कम थी। ऐसे में फिलहाल साथ स्कूलों को बंद करने के बारे में निर्णय लिया गया है। वहीं, एक प्राथमिक विद्यालय को भी मर्ज किया जाएगा। इस विद्यालय में दो से तीन विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शिक्षा निदेशालय ने जिले की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए 39 स्कूलों को यथावत रखा है, जो कि छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत की खबर है।
इन स्कूलों को किया जाएगा बंद
शिक्षा निदेशालय से जारी अधिसूचना के अनुसार सबसे अधिक चार विद्यालय शिक्षा खंड आनी में बंद होंगे। इनमें प्राथमिक विद्यालय शाई, टिहणी, खादवी और माध्यमिक विद्यालय लुहाल को बंद किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा खंड के दो प्राथमिक विद्यालय किंदल और नगेड़ और शिक्षा खंड बंजार के एक माध्यमिक विद्यालय कटोरा को बंद करने की अधिसूचना जारी हुई है। इन सभी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या शून्य है।
वहीं, शिक्षा खंड निरमंड के प्राथमिक विद्यालय दोघरी को कुंद में समायोजित किया जाएगा। इस स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या पांच से कम है। अब इन विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दो किलोमीटर की दूरी तय कर प्राथमिक विद्यालय कुंद जाना होगा।