राजीव भनोट : ऊना
हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में तीसरे विकल्प को जनता ने न स्वीकार किया है, न ही करेगी। तीसरे विकल्प की हवा खुद ही निकल जाएगी। उन्होंने कहा कि सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने वालों को वीरभूमि कभी सहन नहीं करेगी।ऊना मुख्यालय पर पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को प्रदेश की जनता गंभीरता से नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी किसी की नकल नहीं कर रहा है, बल्कि अपनी नीतियों के अनुसार जनता को सुविधा देने का काम किया जा रहा है।
धूमल ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सदैव नई चुनौतियों को स्वीकार किया है। 1977 के बाद लगातार भारतीय जनता पार्टी ने अपने जनाधार को मजबूत किया। पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का काम हिमाचल प्रदेश में किया है। अब भारतीय जनता पार्टी ने नई चुनौती अपने हाथ में ली है, जिसमें प्रदेश में मिशन रिपीट का लक्ष्य रखा गया है। धूमल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार रिपीट होगी यह तय है। भाजपा जन कल्याण के काम करते हुए आगे बढ़ रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने ठीक विषय उठाया है कि हिमाचल प्रदेश के हक को छीनने का काम कांग्रेस पार्टी की सरकार के द्वारा किया गया। कांग्रेस के नेता जो कह रहे हैं कि क्या किया? क्या छीना वह तथ्य ले सकते हैं कि किस प्रकार से हिमाचल प्रदेश का आर्थिक नुकसान करने का काम कांग्रेस ने किया है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश का विशेष दर्जा बहाल किया, जिसके चलते योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में योजनाओं के माध्यम से नए कार्यों के माध्यम से हजारों करोड रुपये का निवेश केंद्र सरकार द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव का रिजल्ट 4-0 रहा, लेकिन स्थिति एक जैसी नहीं रहती, अब हालात बदल चुके हैं। पार्टी आगे बढ़ चुकी है और निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन करते हुए पूर्ण बहुमत से 2022 में भाजपा सरकार बनाएगी।