मंडी :
कुछ कांग्रेसी नेता अपने आप को फन्नेखां समझते हैं लेकिन वे वास्तव में फन्नेखां नहीं हैं। मैं ठेठ पहाड़ी हूं और अपने ही हिसाब से जनहित में कार्य करता हूं। उन पर टिप्पणी करने वाले और भला-बुरा कहने वाले अब शांत हैं। प्रदेश को वह विकास के शिखर की ओर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सीएम जयराम ठाकुर ने धर्मपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज में पिछले 2 वर्षों में हर वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लोगों के लिए गर्व की बात है कि आज भाजपा देश का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरा है, जिसका नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के धरती पुत्र जगत प्रकाश नड्डा कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के नेता प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को स्मरण करवाया कि उन्होंने भी निवेश आकर्षित करने के लिए पूरे देश का दौरा किया था, हालांकि वे पूर्ण रूप से विफल रहे थे। वर्तमान प्रदेश सरकार एक लाख करोड़ रुपये के निवेश के समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करने में सफल रही है।
महेंद्र सिंह को जन्मदिन की दी बधाई
मुख्यमंत्री ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को जन्मदिन पर बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की, ताकि वह प्रदेश व क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे सकें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओÓ कार्यक्रम के अंतर्गत नवजात कन्याओं के माता-पिता को सम्मानित किया।
उन्होंने 10वीं और 11वीं कक्षा की छात्राओं को सम्मानित किया और सशक्त महिला योजना के तहत बोर्ड परीक्षा में 12वीं कक्षा में मेरिट प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया। उन्होंने स्कूलों में छात्राओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए सर्वोत्तम वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं को भी सम्मानित किया।
नाटी से किसी को मिर्ची लगे तो मैं क्या करूं
लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नाटी डालना मेरी संस्कृति है। उन्होंने विपक्ष में बैठी कांग्रेस को भी अपने साथ नाटी डालने का निमंत्रण दे दिया। सीएम ने कहा कि पहाड़ से मेरा संबंध है। मैं तो नाटी डालूंगा ही और इससे किसी को मिर्ची लग रही है, तो मैं क्या करूं।
2 साल में अभूतपूर्व विकास हुआ: महेंद्र
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सीएम विकास पुरुष हैं। उनके दिशा से प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 2 वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों को पूरा किया है और आज यह क्षेत्र प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए उदाहरण बन गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री को उनके जन्मदिवस पर केक भेंट किया।