हिमाचल दस्तक। ठियोग : ठियोग विकास खंड के तहत देहा के निकट मुंडू जिहांन संपर्क मार्ग पर एक कार (एचपी 52 बी.2015) के दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि एक घायल है। यह हादसा मंगलवार देर शाम हुआ बताया जा रहा है। मृतकों में पति-पत्नी शामिल हैं। ये सभी देहा क्षेत्र के आसपास के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मृतकों में केवल राम (64) पुत्र लगनु राम निवासी गांव जीहांन, कमला देवी (58) पत्नी केवल राम, सुनीता (50) पत्नी सीता राम निवासी बलैयां मुंडू देहा शामिल हंै। जबकि अनिता पत्नी प्रेम लाल घायल हुई हैं। उसे आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है। जानकारी के अनुसार तीनों लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर पुलिस का सहयोग किया। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
सूत्रों के अनुसार तेज रफ्तार हादसे की एक वजह हो सकती है। हालांकि देहा पुलिस अभी जांच में जुटी है। डीएसपी ठियोग कुलविंद्र सिंह राणा के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। इस दुर्घटना पर चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा और ठियोग के पूर्व विधायक राकेश वर्मा ने गहरा शोक जताया है।