रमेश शर्मा। रामपुर बुशहर
निकटवर्ती आनी व निरमंड विकास खंडों में बीते एक सप्ताह में बागवानों और किसानों की फसलों पर मौसम की भारी मार पडऩे से आर्थिक संकट और भी गहरा गया है। इससे उन्हें अपने व परिवार के जीवन-यापन की चिंता सताने लगी है।
जिला परिषद सदस्य लोकेंद्र कुमार ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि किसानों और बागवानों को हुए इस नुकसान का आकलन कर उन्हें मुआवजा दिया जाए, ताकि वे साल भर की मेहनत के बर्बाद होने के बाद कुछ राहत महसूस कर सकें। लोकेंद्र कुमार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में आनी उपमंडल के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से सेब, मटर सहित गुठलीदार फलों की फसल तबाह हो गई है।
इससे कोरोना के इस संकट काल में अपनी फसलों के तैयार होकर अच्छे दामों में बिकने की उम्मीद लगाए किसानों और बागवानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। क्षेत्र के किसानों बागवानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। लोकेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे में सरकार किसानों और बागवानों की समस्या को समझते हुए जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेज कर उन्हें राहत प्रदान करे।








