शिमला:
प्रदेश में मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के मध्यम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों को विशेष एहितयात बरतने की सलाह दी गई है। राजधानी शिमला सोमवार को दिन के समय जहां आसमान बादलों से घिरा रहा तो शाम को हल्की बर्फबारी हुई। शिमला के ऊपरी क्षेत्रों कुफरी, नारकंडा में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। हालांकि यह बर्फबारी कुछ देर तक ही चली और फिर मौसम साफ हो गया। मौसम विभाग की माने तो 31 जनवरी तक प्रदेश में मौसम के खराब रहने की संभावना है।
29 जनवरी तक पूरे प्रदेश में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है, जबकि 30 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। वहीं 31 जनवरी और 01 फरवरी को प्रदेश के ऊंचाई एवं मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं बारिश व बर्फबारी की संभावना है। वहीं सोमवार शाम को प्रदेश के कुछ स्थानों में हुई हल्की बर्फबारी के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट आ गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को लाहौल स्पीति के केलंग में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।
यहां का न्यूनतम तापमान -13.4 दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 1.7 और अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं आने वाले दिनों में तापमान के और अधिक गिरने की संभावना जताई जा रही हैं।