साहिल डढवाल। नूरपुर
नूरपुर उपमंडल के तहत पड़ते बरंडा में लावारिस पशुओं को बचाते हुए बीच सड़क में ट्रैक्टर पलट गया। ट्रेक्टर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। ये हादसा बरंडा पक्का टियाला लिंक रोड पर हुआ। मृतक की पहचान 58 वर्षीय नरदेव सिंह पुत्र फौजा राम निवासी बरंडा के तौर पर हुई है। मिली जानकारी अनुसार पक्का टियाला सम्पर्क मार्ग पर नरदेव सिंह ट्रेक्टर लेकर पक्का टियाला की और आ रहा था कि अचानक सड़क में लावारिस पशु आ गए।
इन पशुओं को बचाने के लिए चालक ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बीच सड़क में ही ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में नरदेव सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिसे घायल अवस्था मे पठानकोट के निजी अस्पताल में ले जाया गया। पठानकोट में डॉक्टरों में नरदेव सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। नूरपुर पुलिस थाना प्रभारी कल्याण सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं बरंडा पंचायत के प्रधान संजीव जरयाल ने बताया कि मृतक निर्धन परिवार से था। उन्होंने प्रधासन से गुहार लगाई है कि मृतक व्यक्ति के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।