ऊना। संतोखगढ़ – टाहलीवाल मुख्य मार्ग पर बुधवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बता दें कि ऊना जिला के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में बुधवार रात्रि कार व टिप्पर की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरों की थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमन पुत्र जोगिंद्र पाल निवासी अजौली के अनुसार वह अपने दोस्तों तरनजीत सिंह, अभिमन्यू कौशल और मयंक जन्मदिन मनाकर साथ कार में मैहतपुर से टाहलीवाल की ओर जा रहा था। रास्ते में संतोषगढ़ वीरभद्र चौक पर एक महिला ने लिफ्ट मांगी और अपना नाम किरन देवी निवासी लुधियाना बताया, जिसे गाड़ी में बिठा लिया गया। देर रात्रि करीब पौने 12 बजे टाहलीवाल में पेट्रोल पंप के अंदर खड़ा ट्रक गलत दिशा में निकल आया और कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सडक़ से नीचे खाई में जा गिरी।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुँचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मयंक, तरनजीत सिंह और किरन देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अमन और अभिमन्यू को उपचार के लिए भर्ती किया गया। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।