राज्य ब्यूरो प्रमुख : शिमला
बजट चर्चा पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दो बड़ी घोषणाएं की हैं। बुधवार को सदन को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में अब विधायक प्राथमिकता योजना में टनल निर्माण शामिल कर लिया गया है। इसके अलावा आयुष विभाग में 200 चिकित्सकों के पदों और 100 फार्मासिस्ट भर्ती का एलान किया गया। सीएम ने कहा कि इस बजट के माध्यम से सरकार ने हर वर्ग को राहत पहुंचाई है। यही वजह है कि जनहित के इस बजट से विपक्ष छटपटा रहा है और इसे चुनावी बजट करार दे रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में वित्तीय अनुशासन कायम करने का पूरा प्रयास किया और हर साल केंद्र सरकार ने निर्धारित सीमा से कम ऋण लिया। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत कांग्रेस सरकार में कर्ज लेने की पूरी सीमा का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कोरोना महामारी जैसी वैश्विक आपदा के बावजूद कर्ज लेने की अधिकृत सीमा से 5384 करोड़ रुपये कम कर्ज लिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि उनका बजट चुनावी नहीं, बल्कि ५वां बजट है और अभी तक के बजटों में जो भी योजनाएं शुरू की गई, उसे पूरा भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार चुनाव आचार संहिता लगने तक हर वर्ग के लिए काम करती रहेगी और पूरी ताकत के साथ विधानसभा चुनावों में उतरेगी तथा मिशन रिपीट को सफल बनाएगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में वापस आने की कांग्रेस की ख्वाहिश कभी हकीकत में तब्दील नहीं होगी। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकारों ने प्रदेश में व्यवस्थाओं को तहस-नहस करने का भी आरोप लगाया। उनकी सरकार कर्मचारियों के लिए जितना बेहतर कर सकती थी, किया।
उन्होंने कांग्रेस पर कर्मचारियों के कुछ वर्गों को गुमराह करने का आरोप लगाया और उम्मीद जताई कि ये लोग गुमराह न होकर सरकार के साथ चलेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार बहुत जल्द ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे और बल्क ड्रग फार्मा को जमीन पर लाने का प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश हितों की रक्षा की है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा ही प्रदेश हितों को बेचा है।
ओपीएस बंद करने के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के दो लाख से अधिक कर्मचारियों को नया वेतनमान लागू किया है। इनमें से 1.20 लाख से ज्यादा कर्मचारियों ने नए वेतनमान के लिए विकल्प भी दे दिया है तथा 1.09 लाख से अधिक कर्मचारी नए वेतनमान का लाभ भी ले रहे हैं। उन्होंने ओपीएस बंद करने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।