बिलासपुर। जिला बिलासपुर में एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। ये हादसा कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन में बिलासपुर जिले में बनी टनल में हुआ। सुबह करीब साढ़े सात बजे ये हादसा पेश आया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंडीगढ़ की तरफ जा रही कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि यूपी नंबर की एक कार चंडीगढ़ की तरफ से आ रही थी। वहीं, चंडीगढ़ नंबर की कार में सवार लोग चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। टनल के अंदर एक कार ने कथित तौर पर ओवरटेक का प्रयास किया और दोनों कारों की आमने-साने टक्कर हो गई। इसके कारण चंडीगढ़ की तरफ जा रही कार में सवार युवक की मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में चंडीगढ़ नंबर की कार का चालक सीट पर बुरी तरह से फंसा हुआ नजर आ रहा है। हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर लोग मौके की ओर भागे और लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के जरिए एम्स पहुंचाया गया।
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल शुभम (25) निवासी जोगिंद्रनगर जिला मंडी को एंबुलेंस की मदद से तुरंत एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, यूपी नंबर की कार में चार लोग सवार थे। इसमें दो लोगों को गंभीर और दो को हल्की चोटें आई हैं।
हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस थाना भगेड़ की टीम मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम भी लग गया। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि कीरतपुर मनाली फोरलेन पर टनल नंबर-1 में अभी एक ही टनल से ट्रैफिक गुजरता है। यहां ओवरस्पीड और ओवरटेक की अनुमति नहीं है, क्योंकि दोनों तरफ का ट्रैफिक गुजरने के कारण टनल में हादसे का खतरा बना रहता है। टनल के साथ ही दूसरी टनल बनकर तैयार है, लेकिन अभी इसे शुरू नहीं किया गया है। इससे पहले भी बीते साल इसी फोरलने पर दूसरी टनल में भी एक हादसा हुआ था। उस हादसे में भी चालक की मौत हुई थी।