सिरमौर, 12 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल पलक झपकते ही मातम में बदल गया। नाहन उपमंडल की कालाअंब पंचायत के गांव नागल में एक व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों की शादी से ठीक पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान यशपाल निवासी गांव नागल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घर में दोनों बेटियों की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। सोमवार देर रात तक घर में महिला संगीत का कार्यक्रम हुआ — गीत, हंसी और उत्साह से पूरा घर गूंज रहा था। लेकिन जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ और लोग विश्राम करने लगे, परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा। किसी ने देखा कि यशपाल कमरे में फंदे से लटके हुए हैं।
घबराए परिजनों ने तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव को आत्महत्या की संभावित वजह बताया जा रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि अब घर में शादी की रस्में बेहद सादे तरीके से निभाई जाएंगी। खुशियों के इस घर में अब सिर्फ सन्नाटा और आंसू बाकी हैं।