ललित ठाकुर। पधर
द्रंग हलके के बदार क्षेत्र की मैहनी पंचायत के 2 युवाओं की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। इस घटना से समूचे इलाका बदार में शोक की लहर छा गई है। बताया जा रहा है कि मैहनी पंचायत के 4 युवाओं का ट्रूप पराशर के लिए पैदल ट्रैकिंग पर निकला था।
युवा रात को पराशर से थोड़ी दूरी पर टेंट लगा कर रात गुजार रहे थे। देर रात प्रवीण कुमार पेट में गड़बड़ के चलते अपने साथी पवन के साथ शौच के लिए जंगल में गया।
शौच करते वक्त प्रवीण का पैर फिसल गया। ऐसे में उसने बचाव के लिए अपने साथी पवन का सहारा लिया, लेकिन रात के अंधेरे में दोनों युवक गहरी खाई में लुढ़क गए और मौके पर ही दोनों युवकों की मौत हो गई। बड़ी देर तक दोनों के वापस न लौटने पर उनके अन्य 2 साथियों ने उनकी पड़ताल की तो दोनों करीब 200 मीटर नीचे खाई में मृत पाए गए।
दोनों युवक कांग्रेस पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेशमा ठाकुर, निर्जला ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।