हमीरपुर। राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए एक और अवसर प्रदान किया है। एचपीएसईडीसी को भर्ती प्रतिनिधि कंपनी किंगस्टन होल्डिंग्स के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात में रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात में इस कंपनी को फैक्टरी हैल्पर और जनरल हैल्परों की आवश्यकता है। इन पदों के लिए 21 से 35 वर्ष तक के दसवीं पास एवं अंग्रेजी का बेसिक ज्ञान रखने वाले अनुभवी या फ्रैशर सभी युवा पात्र हैं। अभ्यर्थियों के पास वैध पासपोर्ट होना चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित युवाओं को लगभग 1375 दिरहम मासिक वेतन के अलावा आवास, बीमा, अन्य सुविधाएं तथा दो साल में एक बार हवाई टिकट की सुविधा भी मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न औपचारिकताएं पूर्ण करने हेतु विदेश मंत्रालय द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार 35,400 रुपये का शुल्क अदा करना होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 12 जून तक गूगल फार्म भरकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।








