राजीव भनोट। ऊना
वर्ष 2021 की शुरुआत बहुत ही शुभ योग में यानी पुष्य नक्षत्र में कन्या लग्न व कर्क राशि में हो रही है और यह साल विभिन्न क्षेत्रों में काफी उपलब्धियों भरा साबित होगा। ज्योतिष शोधार्थी व एस्ट्रोलॉजी एक विज्ञान रिसर्च बुक के लेखक गुरमीत बेदी के अनुसार हमारे 27 नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र को बहुत शुभ एवं कल्याणकारी नक्षत्र माना जाता है । इसे नक्षत्रों का सम्राट भी कहा जाता है और यह योग सभी कार्यों में सिद्धि देता है। गुरमीत बेदी के अनुसार वर्ष 2020 पूरे विश्व के लिए ज्यादा अच्छा नहीं रहा। अर्थव्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य मोर्चे तक हर जगह देश-दुनिया को दिक्कत झेलनी पड़ी । लेकिन नए साल यानी वर्ष 2021 की शुरुआत बहुत ही शुभ योग में होने जा रही है जो खुशी की बात है। रियल स्टेट, आईटी सेक्टर व घरेलू उद्योगों के लिए यह साल खासतौर पर काफी उपलब्धियों भरा होगा।
गुरमीत बेदी ने बताया कि वर्ष 2021 में जनवरी से दिसंबर तक 22 दिन पुष्य नक्षत्र का योग रहेगा। इसमें दो दिन गुरु पुष्य योग और 2 दिन रवि पुष्य नक्षत्र योग रहेगा। 28 जनवरी को भी पुष्य योग रहेगा। इसके बाद 24 व 25 फरवरी, 23 व 24 मार्च, 19 व 20 अप्रैल, 17 व 18 मई, 13 व 14 जून, 10 व 11 जुलाई, 7 व 8 अगस्त, 3, 4 और 30 सितंबर, 28 व 29 अक्टूबर, 24 व 25 नवंबर और 20 व 21 दिसंबर को पुष्य नक्षत्र योग रहेगा। इस नक्षत्र के दौरान कोई भी कार्य करने पर उसके बहुत शुभ फल मिलते हैं ।
गुरमीत बेदी के अनुसार जनवरी महीना भी बहुत शुभ रहने वाला है। 14 जनवरी को पांच ग्रह मकर राशि में संचरण करेंगे और मकर संक्रांति 5 ग्रहों के इस शुभ योग में मनाई जाएगी। इस दिन मकर राशि में सूर्य के अलावा चंद्रमा, शनि, बुध व गुरु ग्रह का संचरण होगा। मकर जल की राशि है। चंद्र, गुरु व बुध सुखकारी ग्रह हैं। इन सबके एक साथ होने से सुख व समृद्धि बढ़ेगी। इसी तरह 28 जनवरी को पौष पूर्णिमा पर गुरुपुष्य योग बनेगा। यह अमृत योग माना जाता है।
मकर राशि में बुध, गुरु, शुक्र, शनि व सूर्य ग्रह का संचरण होगा। स्नान-दान करने से रोग-शोक से मुक्ति मिलेगी। जनवरी महीने में सूर्य, बुध और शुक्र तीन ग्रह अपनी राशि बदलेंगे। चंद्रमा तो हर अढाई दिन बाद अपनी राशि बदलते रहते हैं। मंगल ग्रह वृषभ राशि में , शनि व गुरु मकर राशि में, राहु वृषभ राशि में और केतु वृश्चिक राशि में गोचर करते रहेंगे।