अंब। पुलिस थाना अंब के तहत आदर्श नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ओमनी वैन चालक घायल हो गया। मृतक की पहचान विपन कुमारी निवासी चंबा के रूप में हुई है। अंब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही घायल चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक रविवार रात्रि आदर्श नगर स्थित एएस मोटर्स वर्कशॉप के समीप अंब की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ओमनी वैन सड़क पर खड़े एक आवारा बैल से टकरा गई। हादसे के बाद वैन में दो लोग सवार थे, जो घायल हो गए। दोनों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंब भेजा, जहां चंबा निवासी विपन कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि चंबा निवासी अवतार सिंह का अंब अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि हादसा वाहन चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








