पुलिस ने शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर शुरू की जांच
ऊना। पंचायत चुनाव के बीच मैहतपुर थाना क्षेत्र के बनगढ़ में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला, रास्ता रोकने और मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस में क्रॉस केस दर्ज करवाए हैं। मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल करवाया गया।

पहले पक्ष की ओर से निखिल कुमार निवासी बनगढ़ ने शिकायत दर्ज करवाई है कि मंगलवार रात्रि वह अपने साथियों चमेल सिंह, कुलवंत सिंह और विशाल सिंह के साथ बनगढ़ चौक स्थित दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर अरुण कुमार उर्फ रॉनी, उसका बेटा सौरभ, सनम बैंस और अन्य युवक मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने आते ही तलवार और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। निखिल ने आरोप लगाया कि जान बचाने के लिए जब वे भागने लगे तो आरोपियों ने रास्ता रोककर दोबारा हमला किया। शोर सुनकर आसपास की महिलाएं मौके पर पहुंचीं और घायलों को कमरे में बंद कर उनकी जान बचाई। हमले में चमेल सिंह, कुलवंत सिंह, विशाल सिंह और निखिल कुमार घायल हुए हैं। वहीं दूसरी ओर सौरव ठाकुर निवासी बनगढ़ ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
सौरव के अनुसार वह अपने रिश्तेदारों और टिप्पर चालकों के साथ बगलामुखी माता मंदिर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सन्नी, विशाल और निखिल ने दराट लेकर उनकी गाड़ी रोक ली और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उसके साथियों ने बीच-बचाव किया तो उन पर भी हमला किया गया, जिसमें रोहित कुमार और गुरप्रीत सिंह घायल हुए। सौरव ठाकुर ने आरोप लगाया कि पूरा विवाद पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते हुआ। पुलिस ने इस शिकायत पर भी विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-संजीव भाटिया, एएसपी ऊना।








