ऊना । ऊना मुख्यालय के साथ लगते बसाल गांव में प्रवासी मजदूरों की 76 झुंग्गियां आग की भेंट चढ़ गई। आग से प्रवासी मजूदरों का घरेलू सामान, राशन, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, नकदी जलकर राख हो गई। प्रारंभिक आंकलन में चार लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड ऊना की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक खड़पोश से बनी झुग्गियां राख में तब्दील हो चुकी थी। सूचना मिलते ही ऊना पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार ऊना-अंब नेशनल हाईवे पर बसाल पुल के सामने गत्ता उद्योग के साथ सटी प्रवासी मजदूरों की झुंगियों में मंगलवार दोपहर को आग लग गई। देखते ही देखते साथ-साथ सटी खड़पोश की झुंगियां आग की चपेट में आती गई। इसी बीच सूचना मिलते ही अग्रिशमन दलबल की टीम मौका पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।
उधर, फायर ब्रिगेड ऊना के प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि बसाल में आग लगने से 76 झुंगियां जल गई है। आग से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। वहीं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि बसाल में आग लगने से प्रवासी मजदूरों की झुंगिंया जली है। पीड़ित प्रवासी लोगों को हर संभव मदद मुहैया करवाई जा रही है।








