एसआईयू की कार्रवाई में तीन आरोपी हिरासत में, मामला दर्ज
ऊना। जिला ऊना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहर में एक ढाबे की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है, जबकि तीन आरोपियों को नामजद कर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिलाओं को बाहरी राज्यों से काम दिलाने के बहाने लाकर इस अवैध धंधे में धकेला जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक एसआईयू ऊना के प्रभारी सुनील कुमार को वीरवार एक गुप्त सूचना मिली थी कि ऊना-बंगाणा मार्ग पर स्थित अटवाल ढाबा में देह व्यापार का अवैध धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान सामने आया कि ढाबा संचालक चरणजीत सिंह अपने सहयोगियों राम पाल और राजू के साथ मिलकर महिलाओं को बाहरी राज्यों से काम दिलाने के बहाने ऊना लाते थे और बाद में उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर करते थे। पुलिस ने इस मामले में तीनों चरणजीत सिंह निवासी लोअर अरनियाला, राम पाल निवासी गोंदपुर बनेहड़ा और राजू निवासी गुरदासपुर, पंजाब को हिरासत में लिया है।
तीन आरोपियों से पूछताछ शुरू
पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ का कहना है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ऊना के एक ढाबे पर देह व्यापार होता है। जिस पर एसआईयू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जहां से तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है, जबकि तीन आरोपियों को नामजद कर पूछताछ शुरू कर दी है।







