गगरेट। ऊना में हाल ही में गठित विशेष सेल को पहली ही कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जानकारी के अनुसार एसपी ऊना सचिन हीरेमठ द्वारा जिले में गन कल्चर, गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस विशेष सेल का गठन किया गया था। गठन के कुछ ही दिनों के भीतर इस टीम ने एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए फिरौती मांगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला ऊना के एक व्यापारी से जुड़ा है, जिसे फोन पर 60 लाख रुपये की फिरौती मांगते हुए धमकी दी गई थी। आरोपी ने व्यापारी को चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर रकम नहीं दी गई, तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। भयभीत व्यापारी ने हिम्मत जुटाते हुए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। व्यापारी को फिरौती देने के लिए तैयार दिखाया गया और आरोपी को तय स्थान पर बुलाया गया। जैसे ही आरोपी रकम लेने पहुंचा, पहले से घात लगाए पुलिस कर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपित सुजल निवासी नंगल पंजाब को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार व्यक्ति इस गिरोह का केवल एक कड़ी (कैरियर) हो सकता है और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। अब पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि प्रदेश सरकार इस प्रकार के अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है।








