गगरेट (ऊना)। ऊना जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गगरेट उपमंडल के अंबोटा स्थित शिवबाड़ी चौक पर पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 49.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।

पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चिट्टे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
शिवबाड़ी चौक पर पुलिस ने रोकी बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत दिवस गगरेट पुलिस की टीम अंबोटा के शिवबाड़ी चौक पर मौजूद थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक पर सवार दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें जांच के लिए रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 49.21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब के रहने वाले हैं दोनों गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान राजन सिंह निवासी लुधियाना ईस्ट, पंजाब; हर्षदीप सिंह निवासी बाल, जिला लुधियाना, पंजाब हुई है। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। पुलिस ने बरामद चिट्टे को जांच के लिए सुरक्षित रखा है और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ बोले- जारी रहेगा अभियान
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।








