गगरेट। जिला पुलिस ऊना ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गगरेट में एक युवक को 4.86 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात्रि एसआईयू ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गगरेट-होशियारपुर रोड पर इच्छाधारी मंदिर के समीप नाकाबंदी कर एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में छिपाकर रखा 4.86 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राहुल ठाकुर निवासी वार्ड नंबर-3, कुठेड़ा खैरला, तहसील अंब के रूप में की है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के दौरान नशे की सप्लाई के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।








