हरोली। उपमंडल हरोली में एक 45 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान संदीप कुमार (45) पुत्र सरदारी लाल, निवासी हरोली के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि संदीप कुमार रविवार रात रोजाना की तरह अपने कमरे में सोने के लिए गया था।

सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने खिड़की से अंदर देखा तो संदीप कुमार पंखे से फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हरोली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।








