राजीव भनोट/चंद्रमोहन। ऊना
जिला में बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच शनिवार को ऊना के करीब 166 स्कूलों में कोरोना से बचाव को लेकर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रदेश के अग्रणी समाचार पत्र हिमाचल दस्तक व नेशनल हेल्थ मिशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिला के सरकारी व निजी स्कूलों के करीब 2150 बच्चों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में 10वीं व 12वीं कक्षा के बच्चों ने कोविड-19 पर दिए गए विषयों में एक पर निबंध लिखना था, जिसमें बच्चों ने खासी रुचि दिखाई।

बच्चों ने अंग्रेजी व हिंदी विषय पर निबंध लिखे। छात्रों ने हम कैसे रोक सकते हैं कोरोना का संक्रमण, प्राकृतिक भोजन बढ़ाए रोग प्रतिरोधक क्षमता, छात्रों पर कोरोना के प्रभाव और क्या कोरोना ने किशारों में तनाव बढ़ाया निर्धारित विषय पर अपने विचार रखे। जिला के अलग-अलग स्कूलों ने अपने-अपने समय के अनुसार प्रतियोगिता करवाई।

बता दें कि प्रतियोगिता में शामिल हुए हर स्कूल से 12वीं और 10वीं कक्षा की 5 सर्वोच्च निबंध लेखन को उपनिदेशक कार्यालय भेजा जाएगा, जहां पर 3 सदस्यीय मूल्यांकन कमेटी जिले के स्कूलों से आई इन सर्वोच्च निबंध लेखन प्रतियोगिता की जांच करेंगे। 3 सदस्यीय टीम में एक सदस्य हिमाचल दस्तक के प्रतिनिधि होंगे, जबकि 2 अन्य विभाग से संबंधित होंगे। यह कमेटी विजेताओं का चयन करेगी।
जिला स्तर पर प्रथम को 10 हजार, द्वितीय को 5 हजार व तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 3 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
माउंट कार्मेल स्कूल ने भी लिया भाग
जिला ऊना के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान माउंट कार्मेल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने भी हिमाचल दस्तक, शिक्षा विभाग व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित कोरोना जागरूकता को लेकर भाषण लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया। स्कूल के कुल 15 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य जेम्स ने इसे अच्छा प्रयास करार दिया।
जिला शिक्षा उपनिदेशक पीसी राणा ने बताया सराहनीय पहल
जिला शिक्षा उपनिदेशक पीसी राणा ने कहा कि हिमाचल दस्तक व नेशनल हेल्थ मिशन की ओर से करवाई गई निबंध प्रतियोगिता में जिला के डेढ़ सौ से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल दस्तक का यह सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि एक ओर जहां कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, वहीं इसकी जागरूकता को लेकर हिमाचल दस्तक स्कूली छात्रों के माध्यम से जागरूकता फैला रहा है, ताकि कोरोना को लेकर सभी सजग रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए जिला के सभी स्कूलों ने बेहतर आयोजन किया, जिसके लिए स्कूल प्रशासन की बधाई के पात्र हैं।
दस्तक व एनआरएचएम का प्रयास सराहनीय
डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अतुल महाजन ने कहा कि हिमाचल दस्तक द्वारा हमेशा जागरूकता को लेकर कार्यक्रम किए जाते हैं। कोरोना के बचाव को लेकर करवाई गई प्रतियोगिता एक सराहनीय कदम है।
इससे पहले भी हिमाचल दस्तक ने सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर प्रतियोगिता करवाई थी। इसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। ऐसी प्रतियोगिता के आयोजन से जहां लोगों में जागरूकता फैलती है, वहीँ बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर प्रदान होता है।








