परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल; फंसे लोगों में महिला, बुजुर्ग, युवा शामिल
ऊना। एक निजी अस्पताल में मंगलवार को अस्पताल परिसर में अचानक लिफ्ट खराब हो जाने से उसमें सवार 11 लोग करीब 5 घंटे तक फंसे रहे। इस दौरान लिफ्ट में मौजूद लोगों की सांसें अटकी रहीं और उनके परिजनों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। लिफ्ट में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें महिला, बुजुर्ग, युवा शामिल थे। फंसे लोगों में एक बुजुर्ग की आयु 80 वर्ष से अधिक बताई जा रही है।

चार घंटे तक लगातार चला रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब चार घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद लिफ्ट का ऊपरी दरवाजा खोलकर कुछ-कुछ समय बाद लोगों को निकाला गया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से फंसे लोगों को शाम साढ़े 5 बजे तक निकाला गया। राहत की बात यह रही कि कोई अनहोनी नहीं हुई।
लिफ्ट में फंसे लोगों की बिगड़ रही थी हालत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट में फंसे लोगों की हालत लगातार बिगड़ रही थी। बंद जगह में लंबे समय तक रहने के कारण कई लोग घबरा गए थे। बाहर खड़े परिजन भी लगातार चिंता में डूबे रहे और अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगते रहे। इस दौरान पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस व फायर की टीम को मौके पर भेजा गया था। लिफ्ट में फंसे आठ लोगों को कुछ समय बाद निकाल लिया गया, लेकिन 3 लोगों को रेस्क्यू करने में शाम हो गई।-विपिन, तहसीलदार, ऊना।
तकनीकी खामी के चलते लिफ्ट बंद हो गई थी, जिसके चलते लिफ्ट में लोग फंस गए, जिन्हें बाद में रेस्क्यू कर लिया गया।-विवेक शर्मा, अस्पताल एमडी।








