ऊना। पुराना होशियारपुर रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल से डॉक्टर की गाड़ी चोरी होने की घटना सामने आई है। चोर ने न केवल अस्पताल परिसर में घुसकर बेखौफ तरीके से तलाशी ली, बल्कि मौके का फायदा उठाते हुए डॉक्टर की निजी गाड़ी के साथ-साथ जरूरी मशीनरी भी चुरा ली।

हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें आरोपी की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार चोरी की यह घटना रवि-सोम की रात्रि दो के बाद की बताई जा रही है। सुबह जब डॉक्टर जगदीश्वर कंवर रोजाना की तरह अस्पताल पहुंचे और राउंड लेने के बाद वापस लौटे तो, उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी पार्किंग से गायब है। शक होने पर उन्होंने अस्पताल परिसर की जांच की, जहां मुख्य गेट खुला मिला। इसके बाद तुरंत सीसीटीवी विशेषज्ञ को बुलाकर फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि एक अज्ञात व्यक्ति रात के समय अस्पताल में दाखिल होता है और बड़ी ही शांति से विभिन्न कमरों में जाकर तलाशी लेता है।

इस दौरान वह फार्मेसी स्टोर तक पहुंचता है, जहां से उसे गाड़ी की चाबी मिल जाती है। इसके बाद वह नीचे जाकर अस्पताल में रखी एक मशीन उठाता है और फिर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो जाता है। डॉक्टर कंवर ने बताया कि उन्हें फास्टैग के माध्यम से प्राप्त संदेश के अनुसार उनकी गाड़ी सुबह करीब 6:15 बजे पंजाब के कुराली टोल प्लाजा को पार करती हुई दर्ज हुई है, जिससे अंदेशा है कि आरोपी राज्य से बाहर भाग चुका है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गाड़ी को ट्रैक करने का किया जा रहा प्रयास : सुरेंद्र
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल परिसर से सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और फास्टैग से मिले इनपुट के आधार पर गाड़ी को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई गाड़ी और मशीनरी बरामद कर ली जाएगी।








