वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 7 खैर के मौच्छे बरामद
गगरेट। गगरेट क्षेत्र में वन विभाग ने जाड़ला कोइड़ी में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से लदी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ा है। मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जबकि वाहन से खैर की 7 लकड़ियां (मौच्छे) बरामद की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार वन खंड अधिकारी गगरेट नरेश कुमार अपनी टीम के साथ जाड़ला बीट क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान जाड़ला कोइड़ी क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में खैर की लकड़ी के सात मौच्छे पाए गए। वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान महिंद्र सिंह निवासी कुठेड़ा जसवालां तथा हरमेश चंद निवासी जाड़ला कोइड़ी के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी खैर की लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वन विभाग को आशंका है कि लकड़ी को अवैध रूप से जंगल से काटकर लाया जा रहा था। वन विभाग की शिकायत पर गगरेट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को नोटिस देकर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि लकड़ी कहां से काटी गई और इसके पीछे कोई संगठित तस्करी गिरोह तो सक्रिय नहीं है।







