अंब पुलिस ने मामले को लेकर शुरू की जांच
ऊना। उपमंडल अंब के अंतर्गत मुबारिकपुर के समीप गांव झंगोली में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कार सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को अंब अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं पुलिस ने भी मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कार में सवार परिवार दिल्ली से माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान झंगोली के पास उनकी कार की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार विपन, मोनिका, रक्षित, जगमोहन, बृजकिशोर, सुनील और आराध्या घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही थाना अंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।








