टाहलीवाल। हरोली उपमंडल के अंतर्गत भड़ियारा क्षेत्र में खैर के कीमती पेड़ों की अवैध कटाई और चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात तस्करों ने निजी भूमि पर खड़े करीब 25 से 30 खैर के पेड़ काटकर उनकी लकड़ी चोरी कर ली, जिससे भूमि मालिकों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की जांच के बाद पुलिस थाना टाहलीवाल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली हैं।

दुलैहड़ निवासी कमल सिंह ने अपने अन्य सह-भूमि मालिकों राज कुमार, संजीव कुमार और प्रदीप कुमार के साथ हेल्पलाइन 112 के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि गांव भड़ियारा स्थित उनकी संयुक्त भूमि पर लगे खैर के पेड़ों को किसी अज्ञात व्यक्ति या गिरोह ने अवैध रूप से काटकर वहां से लकड़ी भी उठा ली।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि भूमि से करीब 25 से 30 खैर के पेड़ पूरी तरह काटे जा चुके थे और उनकी बहुमूल्य लकड़ी भी मौके से गायब थी। उनका कहना है कि इस वारदात से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि यह घटना करीब 20 दिन पहले के दौरान अंजाम दी गई होगी।
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में अवैध लकड़ी तस्करी से जुड़े लोगों की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।








