स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज
अंब। पुलिस थाना अंब के तहत लोअर भंजाल में स्कूटी की टक्कर से सड़क किनारे खड़े दो लोग समेत चार व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार लोअर भंजाल निवासी हरमेश सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह क्षेत्र में करियाना की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात्रि वह अपनी दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान उनकी दुकान के सामने सड़क के दूसरी ओर उनके दो किरायेदार राज कुमार यादव निवासी यूपी और सुरेश कुमार निवासी बिहार सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच दौलतपुर चौक की ओर से अंब की तरफ आ रही स्कूटी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़े दोनों व्यक्तियों से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पैदल व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
वहीं स्कूटी चालक साहिल निवासी पंजाब और उसके पीछे बैठी जसविंदर कौर निवासी होशियारपुर भी स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी चार घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने हादसे के संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








