ऊना। ऊना जिले के नंगड़ा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार तेल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि धमाके की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मकान के अंदर तक कंपन महसूस हुई। दुर्घटना में टैंकर के साथ एक मकान के मेन गेट के पास बनी नाली, डंगे और मकान को भी नुकसान पहुंचा है। मकान मालिक की शिकायत पर मैहतपुर पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में नंगड़ा निवासी वीना कुमारी ने बताया कि गत दिवस अचानक उनके घर के बाहर जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ मकान के अंदर भी कंपन महसूस हुई। आवाज सुनकर जब वह बाहर आईं तो मेन गेट के पास गैलरी के समीप नाली में एक तेल टैंकर पलटा हुआ दिखाई दिया। टैंकर का अगला टायर नाली में फंसा था, जबकि वाहन उनके डंगे के साथ टेढ़ा होकर पड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे के कारण उनके मकान के मेन गेट के पास बनी नाली और डंगे को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा मकान को भी क्षति होने की बात कही गई है। मकान मालिक ने नुकसान की कीमत लाखों रुपये में होने का दावा किया है।
चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
शिकायत में यह भी बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर में डीजल और पेट्रोल भरा हुआ था। ऐसे में हादसे के बाद संभावित खतरे को लेकर भी चिंता पैदा हो गई। गनीमत रही कि दुर्घटना के बाद कोई बड़ा अग्निकांड नहीं हुआ। वीना कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि टैंकर चालक वाहन को लापरवाही और तेज गति से चला रहा था। इसी वजह से टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा घुसा और पलट गया। हादसे में टैंकर भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
मैहतपुर पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने टैंकर चालक सौरभ वर्मा निवासी बडैहर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की लापरवाही से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।








