चिंतपूर्णी। जिला ऊना में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। एसआईयू ऊना की टीम ने भरवाई में एक वाहन की तलाशी के दौरान चालक से चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान रोहित कुमार निवासी गांव छुठवीं, डाकघर खरवाड़, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार देर शाम एसआईयू ऊना की टीम किन्नू में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के लिए नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक कार चालक बिना रुके मौके से भाग निकला, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उसे भरवाई स्थित पुलिस थाना चिंतपूर्णी के मुख्य गेट के पास रोक लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान कार से 3.84 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी रोहित कुमार निवासी हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि इस संबंध में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है।








