अम्ब । ऊना जिले के अम्ब-ऊना मार्ग पर स्थित प्रताप नगर में शनिवार शाम एक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक स्कूटी और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार दंपति और उनका 7 वर्षीय बेटा घायल हो गए। गनीमत यह रही कि इतने भयंकर हादसे के बावजूद पूरे परिवार की जान बच गई। हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वारयल हो रहा है, जिसमें टक्कर के दौरान पति-पत्नी और उनका बेटा स्कूटी से उछलकर कार के बोनट पर गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुआ परिवार ऊना जिले के देहलां गांव का रहने वाला है। घायल लखविन्द्र (33) अपनी पत्नी मोनिका और 7 वर्षीय बेटे तेजस के साथ स्कूटी पर सवार होकर भंजाल की ओर जा रहे थे। जब वे अम्ब के प्रताप नगर पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। हादसे में 7 वर्षीय बच्चे तेजस को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष द्वारा कोई शिकायत न दिए जाने के कारण अम्ब पुलिस थाना में इस हादसे को लेकर फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।








