चंद्रमोहन चौहान। ऊना
महिला थाना ऊना के तहत एक गांव की 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म मामला सामने आया है। दुष्कर्म का आरोप पड़ोस के ही 22 वर्षीय युवक पर लगा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि दुष्कर्म के दौरान किशोरी चिल्लाए न, इसलिए मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया था। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता के घर पर कोई नहीं था, उसकी मां किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी। इस बात की जानकारी युवक को चल गई। मौके का फायदा उठा कर युवक ने पीड़िता को बहला-फुसला के अपने घर पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म कर दिया।
पीड़िता की मां जब घर पर लौटी तो बेटी दर्द के मारे कराह रही थी। जब उसकी मां ने कारण पूछा तो पीड़िता ने सारा मामला अपनी मां को बताया। पीड़िता के साथ जो हुआ उसको सुनकर मां के होश उड़ गए। मां ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को की।
ऊना महिला थाना द्वारा तुरंत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार करके मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी ऊना अर्जित सेन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।